गोण्डा: पुलिस लाइन में मिशन शक्ति का सम्मान समारोह, डीएम-एसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 सशक्त महिलाओं को किया सम्मानित
गोण्डा: पुलिस लाइन में मिशन शक्ति का सम्मान समारोह, डीएम-एसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 सशक्त महिलाओं को किया सम्मानित
गोण्डा। जनपद गोण्डा में मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार कक्ष में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, छात्राओं एवं महिला पुलिसकर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना, समाज में उनकी विशिष्ट पहचान को सम्मान देना तथा महिला सुरक्षा एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में अनामिका मिश्रा को विद्यालय से जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क तक लगभग 30 किलोमीटर की दौड़ तीन घंटे 40 मिनट में पूरी करने की उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। किरन पांडेय, नारी ज्ञानस्थली महिला महाविद्यालय में संगीत की प्राध्यापिका, को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. ज्योत्सना शुक्ला को चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उर्मिला पांडेय को नृत्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा 500 से अधिक बालिकाओं एवं महिलाओं को नृत्य का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा निखारने के लिए सम्मानित किया गया। अविका सुरभित को नृत्य कला के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। रुचि मोदी को समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। स्वरोजगार एवं महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली जानकी भारती को चप्पल निर्माण व्यवसाय के माध्यम से लगभग 300 से 400 महिलाओं को रोजगार से जोड़ने, सीमा मौर्या को मसाला पैकिंग एवं फूलों की खेती के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाने तथा अभिलाषा को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से अगरबत्ती एवं धूपबत्ती का व्यवसाय शुरू कर अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सम्मानित किया गया।
खेल के क्षेत्र में राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली खिलाड़ियों शिवानी एवं अंशी को भी उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया। उपनिरीक्षक प्रतिभा सिंह, प्रभारी डब्ल्यूसीएसओ जनपद गोण्डा को जनपद स्तर पर मिशन शक्ति कार्यक्रमों का कुशलतापूर्वक आयोजन एवं संचालन करने के लिए सम्मानित किया गया। महिला उपनिरीक्षक अर्पिता यादव एवं महिला उपनिरीक्षक पूजा वर्मा, थाना कोतवाली नगर की एंटी रोमियो एवं मिशन शक्ति टीम में कार्य करते हुए रोडवेज बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन, बाजार तथा विद्यालयों के खुलने एवं बंद होने के समय संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखने, शोहदों एवं मनचलों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा बालिकाओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त महिला आरक्षी नितांशी शुक्ला एवं महिला आरक्षी संगीता दीक्षित को मिशन शक्ति एवं महिला थाना से संबंधित कार्यक्रमों के आयोजन में निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं के योगदान को सराहा गया तथा महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तीकरण के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।


Comments
Post a Comment