खबर प्रकाशित करने पर पत्रकार को जातिसूचक गाली व जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
खबर प्रकाशित करने पर पत्रकार को जातिसूचक गाली व जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
परसपुर (गोंडा)। समाचार प्रकाशित करने से नाराज होकर एक पत्रकार को सरेआम जातिसूचक गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर थाना परसपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में ग्राम पंचायत पूरे अजब निवासी पत्रकार जान प्रकाश चौहान पुत्र जिलेदार ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व जनहित में आरोपी सोनू यादव पुत्र सुरपाल निवासी पूरे अजब के विरुद्ध एक सत्य व तथ्यपरक समाचार प्रकाशित किया था। इससे रंजिश मानकर आरोपी लगातार उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां व पत्रकारिता छोड़ने और जान से मारने की धमकी दे रहा था। आरोप है कि दिनांक 19 सितंबर 2026 को शाम लगभग 6 बजे आरोपी सोनू यादव ने प्रार्थी को गांव में घेर लिया और गांव के तमाम लोगों के सामने सरेआम जाति सूचक व माँ-बहन की अत्यंत भद्दी अश्लील गालियां दीं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुंची। गांव के लोग इकट्ठा हुए तो भी आरोपी नहीं माना और जान से मार डालने की धमकी देकर चला गया।
पीड़ित पत्रकार ने बताया कि पूरी घटना का वीडियो उनके मोबाइल में सुरक्षित है, जिसमें आरोपी गांव वालों के सामने गाली देते हुए साफ सुना व देखा जा सकता है। यह सीधे-सीधे प्रेस की स्वतंत्रता व पत्रकारिता का हनन है।
इस संबंध में थाना परसपुर में दिनांक 21/09/2026 को एफआईआर दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष परसपुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक निशा निषाद को सौंपी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Comments
Post a Comment